रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' अपने भव्य पैमाने और शानदार स्टारकास्ट के साथ-साथ म्यूजिक को लेकर भी चर्चा में है. फिल्म के संगीत के लिए भारतीय कंपोजर एआर रहमान और हॉलीवुड के दिग्गज हांस जिमर साथ आए हैं. दोनों ऑस्कर विजेता संगीतकारों की यह पहली बड़ी साझेदारी है. अब फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने खुलासा किया है कि हांस जिमर इस प्रोजेक्ट के लिए कितनी जल्दी तैयार हो गए थे.

AdvertisementThe Puranic

नमित मल्होत्रा ने बताया कि जब वह न्यूयॉर्क में हांस जिमर से मिले, तब उन्होंने फिल्म की पूरी पिच डेक और उसकी दुनिया समझाने के लिए विस्तृत प्रेजेंटेशन तैयार किया था. लेकिन जिमर ने केवल छह-सात स्लाइड देखने के बाद ही उन्हें रोक दिया. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा प्रेजेंटेशन देखने की जरूरत नहीं है. नमित के मुताबिक, जिमर को प्रोजेक्ट का विचार और उसकी दिशा तुरंत समझ आ गई थी.

हांस जिमर ने इस साझेदारी के पीछे की वजह बताते हुए कहा कि दो संस्कृतियां भले ही अलग हों, लेकिन उनके बीच कई समानताएं हैं. भारतीय देवी-देवताओं, परंपराओं और हजारों साल पुरानी कहानियों को संगीत के जरिए दुनिया तक पहुंचाने का विचार उन्हें खास लगा. यही बात उन्हें रामायण से जोड़ने में अहम रही.

एआर रहमान ने बताया कि दोनों संगीतकारों ने फिल्म के अलग-अलग हिस्सों पर काम किया. रहमान ने कुछ गाने और थीम तैयार कीं, जबकि जिमर ने दूसरे हिस्सों पर काम किया. इसके बाद दोनों ने अपने संगीत को मिलाकर लगातार विचारों का आदान-प्रदान किया.

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में हैं. फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है.