रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ का गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। भगवान राम और माता सीता की कहानी पर आधारित इस फिल्म के गाने में दिखाए गए एक दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। इस दृश्य में राम के रूप में रणबीर कपूर पर हल्दी जैसा पदार्थ लगाया जाता दिखाई देता है, जबकि सीता के रूप में साई पल्लवी उनके पीछे खड़ी नजर आती हैं। इसी दृश्य को देखकर दर्शक सवाल उठा रहे हैं कि आखिर यह कौन-सी रस्म है और इसमें सीता की मौजूदगी का क्या संदर्भ है।

AdvertisementThe Puranic

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि अगर यह राम की हल्दी की रस्म है, तो सीता का वहां मौजूद होना परंपराओं के लिहाज से सवाल खड़े करता है। आमतौर पर विवाह से जुड़ी हल्दी की रस्म दूल्हा और दुल्हन के यहां अलग-अलग आयोजित की जाती है। इसी वजह से फिल्म के इस दृश्य को लेकर लोगों के बीच चर्चा हो रही है।

हालांकि, कुछ दर्शकों का मानना है कि यह दृश्य हल्दी की रस्म का न होकर चुमावन या किसी अन्य पारंपरिक आयोजन का हिस्सा हो सकता है। जब तक फिल्म के निर्माताओं की ओर से दृश्य का संदर्भ स्पष्ट नहीं किया जाता, तब तक इसे किसी खास रस्म से जोड़कर देखना सही नहीं होगा।

गाने के संगीत को लेकर भी दर्शकों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने एआर रहमान के संगीत में कव्वाली जैसी शैली महसूस की, जबकि दूसरे दर्शकों ने गाने का समर्थन किया है।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म के गाने ‘मंगल रंग’ को लेकर उठे सवालों ने एक बार फिर पौराणिक कथाओं को पर्दे पर दिखाने के तरीके और उनसे जुड़ी परंपराओं की प्रस्तुति पर बहस शुरू कर दी है।