महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के भीतर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सख्त सलाह दी है। दिल्ली में सोमवार को हुई मुलाकात के दौरान अमित शाह ने NCP नेताओं से कहा कि पहले अपना घर ठीक करें और NDA को मजबूत बनाने पर ध्यान दें। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पार्टी के भविष्य और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।
दरअसल, NCP के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी। इस प्रतिनिधिमंडल में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, छगन भुजबल, धनंजय मुंडे, हसन मुश्रीफ और दिलीप वलसे पाटिल शामिल थे। बैठक के दौरान पार्टी के आंतरिक मामलों, महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों और गठबंधन की मजबूती पर चर्चा हुई।
इस मुलाकात के बाद NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर भी अटकलें तेज हो गईं। चर्चा होने लगी कि बीजेपी NDA को मजबूत करने के लिए NCP के दोनों धड़ों को एक साथ लाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, सूत्रों ने विलय को लेकर किसी अंतिम फैसले की पुष्टि नहीं की है।
बैठक में महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और NCP अध्यक्ष सुनेत्रा पवार तथा सांसद पार्थ पवार शामिल नहीं थे। इससे पार्टी के भीतर नेतृत्व और समन्वय को लेकर सवाल उठने लगे। हालांकि, NCP ने इन अटकलों को खारिज कर दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने कहा कि दिल्ली की बैठक पहले से तय थी और सुनेत्रा पवार को इसकी जानकारी थी। उन्होंने दावा किया कि NCP सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट है। पार्टी ने बैठक को लेकर फैल रही खबरों को भ्रामक बताते हुए मीडिया से तथ्यों की पुष्टि करने की अपील की।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.