हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान 74 साल की उम्र में भी अपने अंदाज और बेबाक विचारों को लेकर चर्चा में रहती हैं। अपने करियर में उन्होंने कई ऐसी भूमिकाएं निभाईं, जिनकी वजह से उनकी पहचान एक बोल्ड और ग्लैमरस अभिनेत्री के रूप में बनी। अब जीनत ने अपनी इसी छवि और असल जिंदगी के व्यक्तित्व के बीच के अंतर पर खुलकर बात की है।
जीनत अमान ने 28 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि सार्वजनिक जीवन में उन्हें लंबे समय तक ‘सेक्स सिंबल’ का टैग दिया गया। उन्होंने माना कि यह छवि फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा थी और उन्होंने अपने काम को पूरी लगन से किया। हालांकि, कैमरे के सामने दिखाई देने वाली उनकी छवि के पीछे की महिला का स्वभाव इससे काफी अलग था। जीनत के मुताबिक, वह निजी स्वभाव की हैं, थोड़ी अंतर्मुखी हैं और अपने काम में डूबे रहना पसंद करती हैं।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि लोग अक्सर दूसरों को अपने अनुभवों, उम्मीदों और कल्पनाओं के आधार पर देखते हैं। किसी को कोई रहस्यमयी लग सकता है, तो किसी को डराने वाला। वहीं, कभी-कभी कोई अनजान व्यक्ति भी बातचीत के दौरान सहज महसूस करा सकता है। जीनत का मानना है कि हर व्यक्ति के बारे में बनी धारणा उसकी असल पहचान को पूरी तरह नहीं दर्शाती।
जीनत अमान की यह ग्लैमरस छवि ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘यादों की बारात’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ जैसी फिल्मों से मजबूत हुई। खासकर ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में रूपा के किरदार ने उन्हें एक अलग पहचान दी। अब अपने हालिया पोस्ट के जरिए उन्होंने लोगों को याद दिलाया है कि किसी कलाकार को केवल उसकी स्क्रीन इमेज या सुर्खियों के आधार पर नहीं समझना चाहिए।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.