रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ में गौतम गुलाटी और मनीष कश्यप के बीच बहस से होस्ट वीरेंद्र सहवाग नाराज हो गए। विवाद बढ़ने पर सहवाग स्टेज छोड़कर चले गए। बाद में लौटकर उन्होंने दोनों कंटेस्टेंट्स को उनके व्यवहार और भाषा के लिए फटकार लगाई।
दरअसल, शो के वीकेंड पावरप्ले के दौरान मनीष कश्यप ने गौतम गुलाटी के बात करने और बैठने के अंदाज की नकल की। इस पर गौतम ने आपत्ति जताते हुए कहा कि वह अपने तरीके से बैठेंगे और कोई उनका स्टाइल नहीं बदल सकता। इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई।
करण पटेल और प्रियंका चाहर चौधरी ने भी गौतम को समझाने की कोशिश की और सहवाग के सामने सम्मान से पेश आने की बात कही। हालांकि, विवाद नहीं थमा। दोनों के बीच बढ़ती बहस से नाराज सहवाग स्टेज छोड़कर चले गए।
कुछ देर बाद वापस लौटे सहवाग ने कंटेस्टेंट्स के व्यवहार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें लगा था कि यह सेलिब्रिटी शो है, लेकिन यहां क्रिमिनल जैसा माहौल बनाया जा रहा है।
सहवाग ने शो में इस्तेमाल की जा रही धमकी भरी भाषा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गोलियों और लाशें बिछाने जैसी बातें करना ठीक नहीं है। उन्होंने गौतम के व्यवहार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि होस्ट के सामने पैर चढ़ाकर बैठना और चुनौती देने वाला रवैया अपनाना उचित नहीं है।
सहवाग ने कंटेस्टेंट्स को समझाया कि शो जीतने के लिए गाली-गलौज करना या दूसरों को नीचा दिखाना जरूरी नहीं है। अब देखना होगा कि उनकी फटकार के बाद गौतम और मनीष के व्यवहार में क्या बदलाव आता है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.