यूनाइटेड एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बीच रास्ते डायवर्ट करना पड़ा, जिसकी वजह विमान के केबिन में आ रही तेज बदबू थी। तेल अवीव से अमेरिका के न्यूर्क जा रही फ्लाइट UA168 को बदबू की शिकायत के बाद ग्रीस की राजधानी एथेंस की ओर मोड़ दिया गया। विमान में उस समय 230 यात्री और 13 क्रू मेंबर सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, यूनाइटेड एयरलाइंस का बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर तेल अवीव से न्यूर्क के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान विमान के केबिन में असामान्य और तेज गंध महसूस की गई। कुछ रिपोर्टों में इसे जलने या धुएं जैसी बदबू बताया गया है। हालांकि, बदबू किस वजह से आ रही थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलटों ने विमान को एथेंस की ओर डायवर्ट करने का फैसला किया। विमान एथेंस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। इसके बाद यात्रियों को विमान से बाहर निकाला गया। घटना में किसी के घायल होने की तत्काल सूचना नहीं मिली।
यूनाइटेड एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि केबिन में बदबू की समस्या के कारण विमान को एथेंस में उतारना पड़ा। यात्रियों को उनके अंतिम गंतव्य न्यूर्क तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि विमान के अंदर बदबू किस वजह से आई थी। संभावित तकनीकी समस्या या किसी उपकरण में खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। विमान की जांच के बाद ही बदबू के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.