उत्तर प्रदेश का रायबरेली जिला इतिहास, राजनीति और सांस्कृतिक विरासत के लिहाज से बेहद खास पहचान रखता है. सई नदी के किनारे बसे इस जिले का संबंध प्राचीन भर राजाओं, अवध के नवाबों और स्वतंत्रता संग्राम से रहा है. रायबरेली का नाम भरौली या बरेला से विकसित होने की मान्यता है. अंग्रेजों ने 1858 में इसे अलग जिला बनाया.
1857 की क्रांति में शंकरपुर के राजा राणा बेनी माधव सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया. इसके बाद 7 जनवरी 1921 को मुंशीगंज में किसान आंदोलन के दौरान गोलीकांड हुआ, जिसे रायबरेली का जलियांवाला बाग भी कहा जाता है. इस घटना ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
राजनीतिक रूप से रायबरेली गांधी-नेहरू परिवार का प्रमुख गढ़ रहा है. फिरोज गांधी ने 1952 और 1957 में यहां से जीत दर्ज की. इंदिरा गांधी ने 1967, 1971 और 1980 में इस संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया. सोनिया गांधी 2004 से 2019 तक लगातार सांसद रहीं, जबकि 2024 में राहुल गांधी ने यहां से जीत हासिल की. हालांकि, 1977 में राज नारायण ने इंदिरा गांधी को हराकर इतिहास रचा था.
रायबरेली साहित्य और उद्योग के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण है. महावीर प्रसाद द्विवेदी, निराला और मुनव्वर राना जैसी हस्तियों का इससे जुड़ाव रहा है. यहां एम्स, मॉडर्न रेल कोच फैक्टरी और एनटीपीसी जैसे संस्थान मौजूद हैं.
जिले की छह विधानसभा सीटें रायबरेली सदर, हरचंदपुर, बछरावां, सरेनी, ऊंचाहार और सलोन हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इन सीटों का राजनीतिक समीकरण एक बार फिर चर्चा में है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.