गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री ने गायों को तिलक लगाया, माला पहनाई और अपने हाथों से गुड़ व केला खिलाया. इस दौरान उन्होंने गोवंश की सेवा और संरक्षण का संकल्प दोहराया. मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं भी दीं.

AdvertisementThe Puranic

गोवर्धन पूजा के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 7,700 से अधिक गोशालाओं के माध्यम से 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश का संरक्षण किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य निराश्रित गायों को सुरक्षित आश्रय देना और उनकी देखभाल सुनिश्चित करना है.

मुख्यमंत्री ने सहभागिता योजना का भी जिक्र किया. इस योजना के तहत निराश्रित गोवंश की देखभाल करने वाले लोगों को प्रति गाय 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं. एक व्यक्ति अधिकतम चार गायों का पालन-पोषण कर सकता है. इसके अलावा, प्रदेश में गोवंश संरक्षण के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं.

गोवर्धन पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने गोसेवा को भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया. उन्होंने लोगों से गोवंश की देखभाल करने और संरक्षण के प्रयासों में सहयोग देने की अपील की. गोरखनाथ मंदिर में आयोजित इस पूजा के दौरान गोशाला में पारंपरिक धार्मिक वातावरण देखने को मिला.