पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की 11 नवंबर की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। मॉर्निंग वॉक के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। 75 वर्षीय धनखड़ को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर में रखा गया है, जहां कार्डियोलॉजी विभाग के डॉक्टर उनकी जांच और इलाज कर रहे हैं।

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, सुबह टहलते समय धनखड़ अचानक बेहोश हो गए और कुछ मिनट तक होश में नहीं रहे। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पीसीआर वाहन से घर पहुंचाया। वहां मेडिकल टीम ने उनकी जांच की और जरूरी चिकित्सा सहायता दी। इसके बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया गया।

धनखड़ को फिलहाल कार्डियोलॉजी विभाग की निगरानी में रखा गया है। डॉक्टर उनकी मेडिकल जांच कर रहे हैं और इलाज जारी है। हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

जगदीप धनखड़ अगस्त 2022 में भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने थे। उन्होंने जुलाई 2025 में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले मार्च 2025 में सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी। पिछले कुछ समय में उनके बेहोश होने की अन्य घटनाएं भी सामने आई थीं।