गुजरात के साबरकांठा जिले में दूध से भरा एक टैंकर पलटने के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे के बाद टैंकर से दूध बहने लगा, जिसे इकट्ठा करने के लिए आसपास के लोग बाल्टी, कैन और दूसरे बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए. घटना के वीडियो में लोग सड़क पर फैले दूध को अपने बर्तनों में भरते दिखाई दे रहे हैं.

AdvertisementThe Puranic

यह घटना हिम्मतनगर तालुका में अगियोल और कांकणोल गांव के बीच नेशनल हाईवे-48 पर होटल मिरर क्यूब के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, टैंकर गांभोई के आसपास के गांवों से करीब 8 हजार लीटर दूध इकट्ठा करके साबर डेयरी जा रहा था. इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और दूध से भरा टैंकर सड़क पर पलट गया.

टैंकर पलटने से उसके ऊपरी हिस्से से दूध बाहर निकलने लगा. दूध सड़क पर बहता देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. कुछ लोग प्लास्टिक के डिब्बे, बाल्टी और घरेलू बर्तन लेकर दूध इकट्ठा करते नजर आए. घटना के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टैंकर चालक के नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ. घटना के चलते कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.