आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कारण नौकरी गंवाने वाले कर्मचारियों के लिए एक नई स्थिति सामने आ रही है. अमेरिका और ब्रिटेन में कुछ कंपनियां उन लोगों को दोबारा नौकरी पर बुला रही हैं, जिन्हें पहले AI के जरिए रिप्लेस किया गया था. कंपनियों को अब एहसास हो रहा है कि तकनीक कई कामों को आसान जरूर बना सकती है, लेकिन इंसानी अनुभव, समझ और निर्णय लेने की क्षमता की पूरी तरह जगह नहीं ले सकती.
टैलेंट असेसमेंट कंपनी SHL के एक सर्वे के मुताबिक, अमेरिका में करीब 19.1 प्रतिशत कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें AI के कारण नौकरी से हटाया गया और बाद में कंपनी ने वापस आने के लिए कहा. अमेरिका और ब्रिटेन को मिलाकर यह आंकड़ा 16 प्रतिशत रहा. सर्वे जून और जुलाई 2026 में किया गया था.
हालांकि, नौकरी पर लौटने वाले कर्मचारी अब पहले जैसी शर्तों पर काम करने के लिए तैयार नहीं हैं. सर्वे में 51 प्रतिशत कर्मचारियों ने वापस आने के लिए ज्यादा सैलरी की मांग की. वहीं 42 प्रतिशत ने भविष्य में नौकरी की सुरक्षा को लेकर लिखित आश्वासन मांगा. करीब 40 प्रतिशत कर्मचारियों ने यह स्पष्ट करने की मांग की कि उनकी भूमिका में AI का इस्तेमाल किस तरह होगा.
कई कंपनियों को AI के इस्तेमाल के बाद अपनी रणनीति बदलनी पड़ी है. स्वीडिश कंपनी Klarna ने AI चैटबॉट पर ज्यादा निर्भरता के बाद फिर से मानव कर्मचारियों की भर्ती शुरू की. वहीं अमेरिकी वाहन निर्माता Ford ने AI आधारित क्वालिटी कंट्रोल सिस्टम की सीमाएं सामने आने के बाद अनुभवी इंजीनियरों को नियुक्त किया और प्रमोट किया.
यह बदलाव बताता है कि कंपनियों के लिए AI और इंसानी कर्मचारियों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है. AI नियमित और दोहराए जाने वाले काम संभाल सकता है, लेकिन जटिल समस्याओं, मानवीय संवेदनाओं और अनुभव आधारित फैसलों में कर्मचारियों की भूमिका अब भी अहम बनी हुई है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.