नवरात्रि और दिवाली से पहले खाने-पीने की चीजों में मिलावट रोकने के लिए देशभर में निगरानी बढ़ा दी गई है। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी FSSAI ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को त्योहारों के दौरान विशेष जांच और सैंपलिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया है। इसका मकसद मिलावटी, नकली और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाना है।
FSSAI के निर्देश के मुताबिक दूध और दूध से बने उत्पादों, मिठाइयों, नमकीन और अन्य स्नैक्स, खाने के तेल, घी और पेय पदार्थों की खास तौर पर जांच की जाएगी। राज्यों को ऐसे बाजारों और इलाकों की पहचान कर वहां निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के सैंपल लेने को कहा गया है, जहां मिलावट की आशंका ज्यादा रहती है।
त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की मांग तेजी से बढ़ती है। इसी वजह से मिलावटखोरों पर कार्रवाई के लिए अभियान तेज किया गया है। दिल्ली-एनसीआर में हालिया कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में संदिग्ध मिलावटी खोया और पनीर नष्ट किया गया है। अधिकारियों ने बाजारों से खोया, पनीर, छेना और घी के सैंपल भी लिए हैं।
FSSAI ने राज्यों को जांच और सैंपलिंग से जुड़ा डेटा ऑनलाइन सिस्टम पर दर्ज करने को भी कहा है। इसके अलावा जरूरत के मुताबिक स्थानीय स्तर पर इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों को भी जांच के दायरे में शामिल किया जा सकता है। ऐसे में त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय लोगों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.