झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में हुई। हादसे के समय वाहन में सवार सभी 19 लोग बिहार से एक शव लेकर वाराणसी अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे।

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग गिरिडीह जिले के बगोदर क्षेत्र के रहने वाले थे। यात्रा के दौरान दनुआ घाटी के महानैतांड़ कट के पास वाहन में रखे शव को बांधने वाली रस्सी ढीली हो गई। इसके बाद वाहन को सड़क किनारे रोककर लोग रस्सी ठीक करने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने खड़े सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के दौरान पीछे से आ रहा कोयले से लदा एक ट्रक भी वाहनों से टकराकर घाटी की ओर पलट गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है और दुर्घटना के बाद फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।