झारखंड में नेता प्रतिपक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी अपनी 13 साल पुरानी बुलेटप्रूफ गाड़ी की खराब हालत से परेशान हैं। बार-बार वाहन खराब होने और सुरक्षा को लेकर चिंता के बीच उन्होंने अपनी गाड़ी राज्य सरकार को वापस लौटा दी है। इस मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और नए वाहन की मांग की है।
बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में बताया कि उन्होंने पहले भी मुख्यमंत्री को अपनी गाड़ी की खराब स्थिति के बारे में जानकारी दी थी। इसके बावजूद वाहन बदलने को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनके सुरक्षा वाहन को बदलने में देरी क्यों की जा रही है और जिम्मेदार अधिकारी किसके निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।
मरांडी ने अपनी सुरक्षा में तैनात जवानों के वाहनों की हालत पर भी चिंता जताई है। उनके मुताबिक, सुरक्षा में इस्तेमाल की जा रही जिप्सियां भी काफी पुरानी हैं और लाखों किलोमीटर चल चुकी हैं। ऐसे में इन वाहनों को बदलने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बाबूलाल मरांडी ने पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और सभी को सुरक्षित वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने अपनी शिकायतों पर कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है।
मरांडी ने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री और अन्य वीआईपी के लिए नए वाहन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, तो पूर्व मुख्यमंत्रियों की सुरक्षा के लिए पुराने और खराब वाहन क्यों इस्तेमाल किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.