E20 पेट्रोल को लेकर देश में विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्नाटक में पेट्रोल में निर्धारित सीमा से ज्यादा इथेनॉल मिलाए जाने के आरोपों के बाद अब केरल में भी जांच शुरू हो गई है। केरल सरकार ने कोच्चि समेत चार जिलों के पेट्रोल पंपों से सैंपल लेकर उनकी जांच कराने का फैसला किया है। सरकार यह पता लगाना चाहती है कि कहीं पेट्रोल में तय मानक से ज्यादा इथेनॉल तो नहीं मिलाया जा रहा।
केरल के सिविल सप्लाई विभाग ने तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर जिलों में पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया है। अधिकारियों ने छह सैंपल लिए हैं, जिनमें से दो को आगे की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग को जांच रिपोर्ट का इंतजार है। सरकार का कहना है कि निर्धारित सीमा से अधिक इथेनॉल मिलने पर संबंधित पेट्रोल पंपों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, कर्नाटक सरकार ने दावा किया था कि राज्य के कुछ पेट्रोल पंपों पर E20 के नाम पर 20 प्रतिशत से अधिक इथेनॉल वाला पेट्रोल बेचा जा रहा है। सरकार के मुताबिक, कुछ सैंपल में इथेनॉल की मात्रा 31.2 प्रतिशत तक मिली। इस मामले में तेल कंपनियों ने आरोपों को खारिज करते हुए जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाने का निर्धारित मानक है। केंद्र सरकार का कहना है कि देशभर में जांच किए गए 893 सैंपल निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। ऐसे में कर्नाटक और केंद्र के दावों के बीच विवाद बना हुआ है। केरल की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.