बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर एक बार फिर विवाद तेज हो गया है। बांग्लादेश सरकार ने उन्हें नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने से इनकार कर दिया है। विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने स्पष्ट किया कि शेख हसीना को सामान्य यात्री की तरह पासपोर्ट देकर वापस नहीं बुलाया जाएगा, बल्कि भारत से प्रत्यर्पण के जरिए उनकी वापसी कराई जाएगी।
हुमायूं कबीर ने विदेश मंत्रालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि शेख हसीना को अदालत से मौत की सजा मिल चुकी है और ऐसे व्यक्ति को नया पासपोर्ट जारी करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच प्रत्यर्पण संधि मौजूद है, जिसके तहत हसीना को वापस लाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
दरअसल, शेख हसीना के वकीलों ने बांग्लादेश के नई दिल्ली स्थित उच्चायोग को पत्र लिखकर नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने की मांग की थी। उनके वकीलों का कहना है कि हसीना बांग्लादेश की नागरिक हैं और उन्हें पहचान संबंधी दस्तावेज मिलने चाहिए। हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और अदालत के सामने आत्मसमर्पण करने की इच्छा भी जताई है।
शेख हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटने पर भारत आ गई थीं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश की अदालत ने उन्हें प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई से जुड़े मामले में मौत की सजा सुनाई थी। हसीना ने आरोपों और मुकदमे की वैधता पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल उनकी वापसी को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक प्रक्रिया महत्वपूर्ण बनी हुई है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.