इथेनॉल एक जैव ईंधन है, जिसे मुख्य रूप से गन्ने, शीरे और मक्का जैसे अनाज से तैयार किया जाता है। भारत में इथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ना और उससे निकलने वाला शीरा प्रमुख कच्चा माल है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की प्रक्रिया को ब्लेंडिंग कहा जाता है। इससे पेट्रोलियम ईंधन पर निर्भरता कम करने और ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को बढ़ावा देने में मदद मिलती है।

AdvertisementThe Puranic

इथेनॉल बनाने की प्रक्रिया की शुरुआत कच्चे माल से शुगर निकालने से होती है। इसके बाद उसमें यीस्ट मिलाकर फर्मेंटेशन यानी किण्वन किया जाता है। इस प्रक्रिया में शुगर से अल्कोहल और कार्बन डाइऑक्साइड बनती है। तैयार मिश्रण को डिस्टिलेशन और डिहाइड्रेशन जैसी प्रक्रियाओं से गुजारकर उच्च शुद्धता वाला इथेनॉल प्राप्त किया जाता है। इसके बाद इसे पेट्रोल में मिलाने के लिए तैयार किया जाता है।

पेट्रोल में इथेनॉल की ब्लेंडिंग निर्धारित अनुपात और तकनीकी मानकों के अनुसार की जाती है। पेट्रोल और इथेनॉल को अच्छी तरह मिलाकर तैयार ईंधन की गुणवत्ता की जांच की जाती है। इसके बाद इसे पेट्रोल पंपों तक पहुंचाया जाता है।

E20 पेट्रोल इसी प्रक्रिया से तैयार होता है, जिसमें 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है। इसी तरह E10 में 10 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जाता है। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से जीवाश्म ईंधन की खपत कम करने में मदद मिलती है। हालांकि, इसके इस्तेमाल में वाहन की अनुकूलता और ईंधन की गुणवत्ता भी महत्वपूर्ण होती है।