पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा को लेकर उठे विवाद के बीच केरल में पेट्रोल पंपों पर अचानक जांच की जा रही है। E20 पेट्रोल को लेकर शिकायतों के बाद राज्य सरकार ने अधिकारियों को अलग-अलग पेट्रोल पंपों से सैंपल इकट्ठा करने और उनकी गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रक्रिया का उद्देश्य यह पता लगाना है कि पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं।
9 नवंबर को केरल के एर्नाकुलम जिले के चेबुमुक्कू इलाके में एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पेट्रोल के छह सैंपल लिए गए, जिनमें से दो जांच के लिए कक्कनाड स्थित एनालिटिकल केमिस्ट्री लैब भेजे गए हैं। इन सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
केरल सरकार ने तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड, कन्नूर और त्रिशूर समेत पांच जिलों में सैंपल कलेक्शन की योजना बनाई है। अधिकारियों को बिना पूर्व सूचना के पेट्रोल पंपों पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, E20 पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल और 80 प्रतिशत पेट्रोल होता है। कर्नाटक में कुछ पेट्रोल सैंपलों में निर्धारित सीमा से अधिक इथेनॉल मिलने के दावे सामने आए थे। इसके बाद पेट्रोल की गुणवत्ता और वाहनों पर इसके प्रभाव को लेकर चर्चा तेज हो गई।
अब केरल में की जा रही जांच की रिपोर्ट से पेट्रोल में इथेनॉल की वास्तविक मात्रा और गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.