बॉलीवुड में खलनायक बनकर लोगों को डराने वाले डैनी डेन्जोंगपा असल जिंदगी में एक सफल बिजनेसमैन भी हैं। फिल्मों में अपनी दमदार एक्टिंग से पहचान बनाने वाले डैनी ने शराब कारोबार में भी बड़ा साम्राज्य खड़ा किया। उनकी कारोबारी कहानी का एक दिलचस्प किस्सा विजय माल्या से जुड़ा है, जब उन्होंने करीब 40 करोड़ रुपये खर्च कर अपने बिजनेस की राह में आने वाली बड़ी चुनौती को दूर किया था।

AdvertisementThe Puranic

डैनी ने 1987 में सिक्किम में युक्सम ब्रूअरीज की शुरुआत की थी। अपने गांव युक्सोम के नाम पर उन्होंने कंपनी का नाम रखा। धीरे-धीरे यह कारोबार बढ़ता गया और पूर्वोत्तर भारत में उनकी कंपनी की मजबूत पहचान बन गई। डैनी ने 2005 में ओडिशा में डेनजोंग ब्रूअरीज स्थापित की और 2009 में असम की राइनो एजेंसीज लिमिटेड का अधिग्रहण किया।

इसी दौरान विजय माल्या की कंपनी यूनाइटेड ब्रूअरीज पूर्वोत्तर बाजार में विस्तार करना चाहती थी। उसकी नजर असम की राइनो एजेंसीज पर थी, जिसके जरिए वह इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत कर सकती थी। लेकिन डैनी ने पहले ही यह अवसर पहचान लिया। उन्होंने करीब 40 करोड़ रुपये खर्च कर राइनो एजेंसीज को खरीद लिया और अपने कारोबार को मजबूत किया।

इस कदम से डैनी को पूर्वोत्तर में अपनी बाजार हिस्सेदारी बनाए रखने में मदद मिली। आज युक्सम ब्रूअरीज भारत की प्रमुख भारतीय स्वामित्व वाली बीयर कंपनियों में गिनी जाती है। डैनी खुद भी कई बार कह चुके हैं कि उनका ब्रूअरी कारोबार ही असली आजीविका है, जबकि एक्टिंग उनके जीवन का एक हिस्सा रही है।