गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील की है। उनका कहना है कि पटाखों की तेज आवाज से जानवर डर जाते हैं और घरों में रहने वाले बुजुर्गों व बीमार लोगों को भी परेशानी होती है। सुनीता का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अभिनेत्री दीया मिर्जा के प्रदूषण-मुक्त दिवाली अभियान को लेकर विवाद चल रहा है।
सुनीता आहूजा हाल ही में पैपराजी से बातचीत के दौरान दिवाली मनाने को लेकर अपनी राय रखती नजर आईं। उन्होंने कहा कि दिवाली पर पटाखे नहीं जलाने चाहिए, क्योंकि इससे कुत्ते डर जाते हैं। जिन घरों में बुजुर्ग रहते हैं, उनके लिए भी पटाखों का शोर परेशानी पैदा कर सकता है।
सुनीता ने लोगों को दिवाली मनाने के दूसरे तरीके भी सुझाए। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ घर पर अच्छा खाना खाएं, गाने सुनें, डांस करें और ताश खेलकर त्योहार का आनंद लें। उन्होंने लोगों से जानवरों और बुजुर्गों का ख्याल रखने की अपील भी की।
सुनीता की यह अपील दीया मिर्जा के दिवाली अभियान को लेकर चल रहे विवाद के बीच सामने आई है। दीया ने मुंबई नगर निगम के एक जागरूकता वीडियो में लोगों से सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की थी। इसके बाद कुछ नेताओं ने उनके वीडियो पर आपत्ति जताई, जिसके चलते BMC ने वीडियो हटा दिया।
3 नवंबर को बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए BMC को वीडियो दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि प्रदूषण और पर्यावरण से जुड़े मुद्दे को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.