राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी RBSE ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा को लेकर बड़ा बदलाव किया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 10वीं की बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। नई व्यवस्था का उद्देश्य विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम करना और उन्हें उसी शैक्षणिक सत्र में अंक सुधारने का अतिरिक्त मौका देना है।
नई व्यवस्था के तहत पहली परीक्षा मुख्य परीक्षा होगी, जो फरवरी-मार्च 2027 में आयोजित की जाएगी। सभी पंजीकृत नियमित और निजी विद्यार्थियों के लिए इस परीक्षा में शामिल होना जरूरी होगा। इसके बाद दूसरी परीक्षा मई-जून में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा मुख्य रूप से अंक सुधारने और नियमों के तहत असफल विद्यार्थियों को दोबारा मौका देने के लिए होगी।
पहली परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधारने के लिए दूसरी परीक्षा दे सकेंगे। दोनों परीक्षाओं में जिस विषय में ज्यादा अंक मिलेंगे, उन्हें अंतिम अंकतालिका में शामिल किया जाएगा। यानी विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन का लाभ मिलेगा।
नई व्यवस्था में सप्लीमेंट्री परीक्षा को खत्म कर दूसरी परीक्षा को ही सुधारात्मक परीक्षा के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। हालांकि, तीन या उससे ज्यादा विषयों में असफल या अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों को दूसरी परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें अगले वर्ष दोबारा परीक्षा देनी होगी।
इस बदलाव से विद्यार्थियों को एक ही साल में प्रदर्शन सुधारने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा और एक परीक्षा में खराब प्रदर्शन का असर कम किया जा सकेगा।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.