रणबीर कपूर और यश की फिल्म रामायण अपने भारी-भरकम बजट को लेकर लगातार चर्चा में है। फिल्म के दोनों पार्ट का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इतने बड़े निवेश के बीच सवाल उठ रहा है कि अगर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करती, तो मेकर्स इसकी लागत कैसे वसूलेंगे। अब निर्माता नमित मल्होत्रा ने इस सवाल पर अपनी कमाई की योजना बताई है।
नमित मल्होत्रा के मुताबिक, रामायण से कमाई का रास्ता सिर्फ सिनेमाघरों तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि अगर फिल्मों से कमाई नहीं होती, तो मर्चेंडाइज के जरिए पैसा कमाया जाएगा। अगर वहां से भी पर्याप्त राजस्व नहीं मिला, तो थीम पार्क और दूसरे माध्यमों पर ध्यान दिया जाएगा। यानी फिल्म की कहानी और किरदारों को एक बड़े मनोरंजन संसार में बदलने की योजना है।
इस रणनीति के तहत वीडियो गेम, खिलौने, कपड़े, घरेलू सामान और दूसरे प्रोडक्ट्स शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा रामायण की दुनिया पर आधारित थीम पार्क, एनिमेशन प्रोजेक्ट, टीवी शो और स्पिन ऑफ कहानियों जैसे विकल्प भी मौजूद हैं। मेकर्स चाहते हैं कि दर्शक फिल्म देखने के बाद भी रामायण के किरदारों और उनकी दुनिया से जुड़े रहें।
रामायण को दो फिल्मों के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के आसपास रिलीज होने की योजना से चर्चा में रहा है। इतने बड़े प्रोजेक्ट के लिए मेकर्स की रणनीति केवल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन नहीं, बल्कि लंबे समय तक चलने वाले मनोरंजन कारोबार पर आधारित है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.