भारतीय रेलवे में कन्फर्म टिकट होने के बावजूद आपकी सीट दूसरे यात्री को मिल सकती है। इसके पीछे रेलवे का NT यानी Not Turned Up नियम है। अगर कोई यात्री अपनी निर्धारित सीट या कोच में मौजूद नहीं मिलता, तो टिकट जांच करने वाला TTE उसकी अनुपस्थिति दर्ज कर सकता है। इसके बाद खाली बर्थ किसी दूसरे पात्र यात्री को आवंटित की जा सकती है।

AdvertisementThe Puranic

रेलवे के टीटीई टिकट जांचने के लिए HHT यानी Hand Held Terminal डिवाइस का इस्तेमाल करते हैं। इस डिवाइस में यात्रियों और उनकी सीटों से जुड़ी जानकारी मौजूद रहती है। ट्रेन के रवाना होने के बाद टीटीई कोच में टिकट चेक करता है। यदि किसी यात्री की निर्धारित बर्थ खाली मिलती है और वह वहां मौजूद नहीं होता, तो उसकी स्थिति NT यानी Not Turned Up दर्ज की जा सकती है।

रेलवे के नियमों के अनुसार, इस तरह खाली हुई बर्थ पहले RAC यात्रियों को आवंटित की जाती है। इसके बाद उपलब्ध बर्थ पात्र वेटिंग लिस्ट यात्रियों को दी जा सकती है। इसलिए कन्फर्म टिकट होने के बावजूद अपनी निर्धारित सीट पर समय से पहुंचना बेहद जरूरी है।

यात्रियों को चाहिए कि ट्रेन में चढ़ने के बाद सीधे अपने निर्धारित कोच और बर्थ पर पहुंचें। अगर किसी वजह से दूसरे कोच में बैठे हैं, तो टीटीई को इसकी जानकारी जरूर दें। वहीं, यदि आप किसी दूसरे स्टेशन से ट्रेन पकड़ना चाहते हैं, तो रेलवे के नियमों के अनुसार पहले अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलवाएं। ऐसा करने से सीट को लेकर परेशानी से बचा जा सकता है।