एसएस राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के चरण में पहुंच गई है, जहां विजुअल इफेक्ट्स (VFX), कंप्यूटर जनरेटेड इमेजरी (CGI) और री-रिकॉर्डिंग का काम चल रहा है। हालांकि, फिल्म की डबिंग अभी शुरू नहीं हुई है।

AdvertisementThe Puranic

फिल्म के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक फैन के सवाल के जवाब में मेकर्स ने शूटिंग पूरी होने की जानकारी दी। टीम ने बताया कि पोस्ट-प्रोडक्शन और CG वर्क जारी है, जबकि री-रिकॉर्डिंग भी की जा रही है। इसके साथ ही मेकर्स ने संकेत दिया कि जल्द ही फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है।

‘वाराणसी’ में महेश बाबू रुद्र के किरदार में नजर आएंगे। प्रियंका चोपड़ा फिल्म में मंदाकिनी और पृथ्वीराज सुकुमारन कुंभा की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसकी कहानी में एडवेंचर, पौराणिक संदर्भ तथा अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय लोकेशन देखने को मिलेंगी।

फिल्म की रिलीज को लेकर फिलहाल आधिकारिक तारीख 7 अप्रैल 2027 बताई गई है। हालांकि, रिलीज में देरी की अटकलें भी सामने आई हैं, लेकिन मेकर्स ने अभी तक किसी बदलाव की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन और आगामी प्रमोशनल अपडेट पर दर्शकों की नजर बनी हुई है।