दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस ने व्यापक एक्शन प्लान पर काम तेज कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों के बाद राजधानी में सार्वजनिक स्थानों की निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसके तहत 19,822 डार्क स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जबकि सार्वजनिक पार्कों में 6,000 से अधिक CCTV कैमरे लगाए जा चुके हैं।
महिला सुरक्षा को लेकर अमित शाह ने 24 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान महिला सुरक्षा, नागरिक सुरक्षा, पीड़ितों की सहायता और अपराधों के प्रभावी अभियोजन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने तीन महीने का एक्शन प्लान तैयार कर उसके क्रियान्वयन की जानकारी दी है।
दिल्ली के 1,635 सार्वजनिक पार्कों का सुरक्षा ऑडिट पूरा किया गया है। इन पार्कों में रोशनी, चारदीवारी और तारबंदी मजबूत करने का काम जारी है। 503 बड़े पार्कों में नियमित पुलिस गश्त और गेट प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है। पार्कों की फेंसिंग और बाउंड्री वॉल का काम 26 जनवरी 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
आपात स्थिति में पुलिस सहायता पहुंचने का समय भी कम हुआ है। ERSS-112 का रिस्पॉन्स टाइम 11 मिनट 53 सेकंड से घटकर 8 मिनट 2 सेकंड रह गया है। इसके अलावा 178 पिंक स्कूटी और 35 ऑल-वुमेन PCR वैन तैनात की गई हैं।
दिल्ली पुलिस में महिला कर्मियों की हिस्सेदारी फिलहाल 17.3 प्रतिशत है, जिसे 2030 तक 25 प्रतिशत करने का लक्ष्य है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में तेजी से न्याय दिलाने के लिए 25 विशेष अदालतों के अलावा 37 अतिरिक्त अदालतें स्थापित की जा रही हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.