अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ महाभियोग की कोशिशों के बीच बेखौफ नजर आए। उन्होंने अपने खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव को राजनीतिक तमाशा बताया और सैन्य अभियानों का खुलकर बचाव किया। वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हेगसेथ के काम की तारीफ करते हुए उन्हें A+++ ग्रेड दिया।
हेगसेथ ने कहा कि महाभियोग की कोशिशें एक नाराज सांसद का राजनीतिक दिखावा हैं। उन्होंने अमेरिकी सेना की कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि सैनिकों ने अपने आदेशों के तहत काम किया है। रक्षा मंत्री ने साफ किया कि उन्हें सैन्य अभियानों पर गर्व है और वह अपने सैनिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं।
दरअसल, रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने हेगसेथ के खिलाफ महाभियोग के आठ आरोप पेश किए हैं। इनमें ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई, कांग्रेस की मंजूरी के बिना युद्ध जारी रखने और यमन में सैन्य अभियानों जैसे मुद्दे शामिल हैं। इसके अलावा, समुद्र में कथित ड्रग तस्करों की नावों पर अमेरिकी हमलों को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।
मैसी ने हेगसेथ पर अमेरिकी कानूनों और संवैधानिक सीमाओं का उल्लंघन करने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, हेगसेथ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपने फैसलों का बचाव किया।
इस पूरे विवाद के बीच ट्रंप ने हेगसेथ का समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर रक्षा मंत्री को A+++ ग्रेड देते हुए उनकी तारीफ की और महाभियोग की कोशिशों को लेकर विरोधियों पर निशाना साधा। इससे साफ है कि ट्रंप प्रशासन अपने रक्षा मंत्री के साथ मजबूती से खड़ा है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.