वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग के नियम जानना बेहद जरूरी है. भारतीय रेलवे ने इन प्रीमियम ट्रेनों में टिकट बुकिंग और कैंसिलेशन को लेकर कुछ अलग प्रावधान किए हैं. सबसे खास बात यह है कि इनमें तत्काल टिकट, RAC और वेटिंग लिस्ट की सुविधा नहीं मिलती. यात्रियों को केवल कन्फर्म टिकट पर ही सफर करने की अनुमति है.

AdvertisementThe Puranic

वंदे भारत स्लीपर में सभी उपलब्ध सीटें एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) के दौरान सामान्य कोटे के तहत बुक की जा सकती हैं. यानी आखिरी समय में तत्काल टिकट लेकर यात्रा करने का विकल्प नहीं मिलेगा. अगर किसी यात्री का टिकट वेटिंग या आंशिक रूप से कन्फर्म है, तो उसे ट्रेन में चढ़ने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे में यात्रियों को यात्रा की योजना पहले से बनाकर कन्फर्म टिकट बुक करना जरूरी है.

फिलहाल वंदे भारत स्लीपर की तीन जोड़ी ट्रेनें हावड़ा-कामाख्या, वाराणसी-नई दिल्ली और बेंगलुरु-मुंबई रूट पर चल रही हैं. प्रत्येक ट्रेन में कुल 16 कोच और 823 यात्रियों के लिए बर्थ उपलब्ध हैं. इनमें एसी 3 टियर, एसी 2 टियर और फर्स्ट एसी की सुविधा दी गई है.

टिकट कैंसिल कराने पर भी यात्रियों को समय का ध्यान रखना होगा. ट्रेन रवाना होने से 72 घंटे पहले टिकट कैंसिल करने पर किराये का 25 प्रतिशत काटा जाएगा. 72 से 8 घंटे के बीच कैंसिलेशन पर 50 प्रतिशत किराया कटेगा. वहीं, ट्रेन छूटने में 8 घंटे से कम समय बचने पर टिकट कैंसिल कराने की स्थिति में कोई रिफंड नहीं मिलेगा. इसलिए टिकट बुक करते समय यात्रा की तारीख और समय का ध्यान रखना जरूरी है.