मध्य प्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। भोपाल में गायों के उन्नत नस्ल के भ्रूण तैयार करने के लिए विशेष उत्पादन केंद्र स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में हर साल एक लाख भ्रूण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इस परियोजना की जानकारी दी। इसके लिए भोपाल में 50 एकड़ जमीन पर केंद्र विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, परियोजना को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की मंजूरी मिल चुकी है।
इस केंद्र के माध्यम से उन्नत नस्ल की गायों को बढ़ावा दिया जाएगा। आधुनिक तकनीक की मदद से साहीवाल जैसी बेहतर नस्ल की बछिया तैयार करने और निराश्रित गौवंश में भ्रूण प्रत्यारोपण की व्यवस्था की जाएगी। सरकार इस तकनीक को गांव-गांव तक पहुंचाने की योजना बना रही है, ताकि पशुपालकों को बेहतर नस्ल के पशुओं का लाभ मिल सके और दूध उत्पादन में बढ़ोतरी हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश फिलहाल दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को पहले स्थान पर पहुंचाना है। इसके लिए गांवों में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन किया जा रहा है। पशुपालन को किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि उन्नत नस्ल, आधुनिक तकनीक और सहकारी व्यवस्था के जरिए प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई गति मिल सकती है। इस परियोजना को मध्य प्रदेश में श्वेत क्रांति को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.