महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर चर्चाएं तेज हैं। इस बीच शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने शरद पवार के बीजेपी के साथ जाने की संभावनाओं को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि शरद पवार बीजेपी के साथ जाकर वर्षों की तपस्या बर्बाद नहीं करेंगे। राउत के मुताबिक, शरद पवार को करीब से जानने वाले लोग उनकी राजनीतिक विचारधारा और प्रतिबद्धता से परिचित हैं।

AdvertisementThe Puranic

संजय राउत ने कहा कि NCP और NCP-SP के विलय को लेकर अभी कोई प्रस्ताव सामने नहीं आया है। इस मामले में शरद पवार का रुख स्पष्ट होने का इंतजार करना चाहिए। उन्होंने विलय की चर्चाओं को लेकर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि शरद पवार इन खबरों का आनंद ले रहे होंगे।

दरअसल, दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस गुटों के विलय की चर्चाओं ने उस समय जोर पकड़ा, जब अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP के कई नेताओं ने शरद पवार से मुलाकात की। इनमें प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार का नाम शामिल है। पार्थ पवार ने मुंबई स्थित शरद पवार के आवास सिल्वर ओक पर उनसे मुलाकात की, जबकि प्रफुल्ल पटेल अस्पताल में उनसे मिलने पहुंचे थे।

शरद पवार की तबीयत खराब होने के बाद हुई इन मुलाकातों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, संजय राउत ने साफ किया कि शरद पवार बीजेपी के साथ जाने का फैसला नहीं करेंगे। फिलहाल दोनों NCP गुटों के विलय को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।