उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की ठाकुरद्वारा विधानसभा सीट पर 2027 के चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. इसी बीच भाजपा नेता राजपाल सिंह चौहान और उनके बेटे अमित चौहान का एक कार्यक्रम चर्चा में आ गया है. दीपावली के मौके पर आयोजित समारोह में उन्होंने क्षेत्र के चार मंडल अध्यक्षों को एक-एक बाइक उपहार में दी.

AdvertisementThe Puranic

कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसे आगामी विधानसभा चुनाव की टिकट दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है. समारोह में अमित चौहान ने कहा कि मंडल अध्यक्ष चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनकी भागदौड़ को देखते हुए बाइक दी गई हैं. उन्होंने यह भी वादा किया कि विधायक बनने पर मंडल अध्यक्षों को स्कॉर्पियो गाड़ी दी जाएगी.

राजपाल सिंह चौहान ठाकुरद्वारा सीट से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी और मुरादाबाद के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं. वह 2014 और 2017 में इस सीट से चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके. 2022 में भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था. अब वह और उनके बेटे अमित चौहान इस सीट से उम्मीदवारी को लेकर सक्रिय बताए जा रहे हैं.

भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने कहा कि पार्टी में टिकट के कई दावेदार हैं और प्रत्याशी का फैसला वरिष्ठ नेतृत्व करेगा. उन्होंने उपहार देने को संबंधित व्यक्ति का निजी मामला बताया.