मध्य प्रदेश के कटनी में किसना ज्वेलर्स के शोरूम में करोड़ों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है. बरगवां इलाके में स्थित इस शोरूम में चोरों ने पिछली दीवार में सेंध लगाकर प्रवेश किया और सोने-हीरे के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए. चोरी गए जेवरात की शुरुआती कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है.
वारदात का खुलासा 12 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब शोरूम का मैनेजर दुकान खोलने पहुंचा. अंदर सामान बिखरा देखकर उसने संचालक को सूचना दी. जांच में पता चला कि बदमाशों ने करीब 9 इंच मोटी पिछली दीवार तोड़कर शोरूम में प्रवेश किया था. इसके बाद उन्होंने डिस्प्ले काउंटर और तिजोरियों में रखे आभूषणों को निशाना बनाया.
शोरूम में गार्ड तैनात था और CCTV कैमरे व सेंसर अलार्म सिस्टम भी मौजूद थे. इसके बावजूद बदमाश सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर चोरी करने में सफल रहे. दिवाली के दौरान शोरूम में अतिरिक्त आभूषणों का स्टॉक रखा गया था, जिससे चोरी की कीमत बढ़ने की आशंका है.
पुलिस मामले की जांच में जुटी है. CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल चोरी गए जेवरात की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है और आरोपियों की तलाश जारी है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.