महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV XEV 9S ने भारत NCAP क्रैश टेस्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है। खास बात यह है कि इस 6 और 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV ने एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में 32 में से 31.15 अंक हासिल किए हैं। वहीं, बच्चों की सुरक्षा के मामले में इसे 49 में से 45 अंक मिले हैं। कंपनी के मुताबिक, यह भारत में 5-स्टार रेटिंग पाने वाली पहली 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV है।
Bharat NCAP की जांच में XEV 9S ने फ्रंटल ऑफसेट क्रैश टेस्ट में 16 में से 15.15 अंक हासिल किए। वहीं, साइड इम्पैक्ट टेस्ट में इसे पूरे 16 अंक मिले। साइड पोल इम्पैक्ट टेस्ट में भी SUV ने सुरक्षा मानकों को पूरा किया। बच्चों की सुरक्षा के लिए किए गए परीक्षण में इसे डायनेमिक टेस्ट में 24 में से 24 और चाइल्ड सीट इंस्टॉलेशन में 12 में से 12 अंक मिले।
इस SUV की एक खास बात यह है कि इसकी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग सभी वेरिएंट पर लागू होती है। इसमें छह और सात सीटों वाले दोनों विकल्प शामिल हैं। सुरक्षा के लिए गाड़ी में एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, सीट बेल्ट रिमाइंडर और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
महिंद्रा XEV 9S कंपनी के इलेक्ट्रिक SUV पोर्टफोलियो का अहम मॉडल है। इसमें 59 kWh, 70 kWh और 79 kWh के बैटरी विकल्प मिलते हैं। कंपनी के दावे के अनुसार, इसका अधिकतम ड्राइविंग रेंज 679 किलोमीटर तक है।
इस रेटिंग के साथ महिंद्रा ने इलेक्ट्रिक कारों की सुरक्षा के मामले में अपनी स्थिति और मजबूत की है। खासकर बड़े परिवारों के लिए 7-सीटर SUV खरीदते समय सुरक्षा को प्राथमिकता देने वाले ग्राहकों के लिए यह एक अहम जानकारी है।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.