लग्जरी कार खरीदने वाले ग्राहक बेहतर डिजाइन, दमदार इंजन और शानदार फीचर्स के साथ अच्छी सर्विस की भी उम्मीद करते हैं। लेकिन रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया ने इटली की लग्जरी कार निर्माता कंपनी Maserati की आफ्टर-सेल्स सर्विस को लेकर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कंपनी की आलोचना करते हुए भारत में इस ब्रांड की कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

AdvertisementThe Puranic

गौतम सिंघानिया ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कंपनी की सर्विस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लग्जरी कार खरीदने के बाद ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिलना चाहिए, लेकिन उन्हें अपनी कार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

सिंघानिया के मुताबिक, उनकी कार से जुड़ी शिकायत अब तक हल नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के नए डीलर भी उनकी परेशानी दूर करने में सफल नहीं रहे। उनका कहना है कि ग्राहक सुपरकार इसलिए खरीदते हैं ताकि उन्हें शानदार ड्राइविंग अनुभव मिले, न कि सर्विस मैनेजरों के चक्कर लगाने पड़ें।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब Maserati भारत में अपने कारोबार को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रही है। कंपनी ने हाल ही में GT2 Stradale को भारत में पेश किया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.72 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा कंपनी ने मुंबई में नया शोरूम भी खोला है।

गौतम सिंघानिया की इस पोस्ट के बाद Maserati की सर्विस व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, उनके आरोपों पर कंपनी की ओर से फिलहाल कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।