असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने से पहले का एक कथित वीडियो सामने आया है. इसमें लोको पायलट इमरजेंसी ब्रेक लगाने के बावजूद ट्रेन को रोक नहीं पाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम पर सवाल उठने लगे हैं.

AdvertisementThe Puranic

यह हादसा 11 नवंबर की सुबह गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन पर हुआ. ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुताबिक, ट्रेन को स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए लिया जा रहा था. इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके.

करीब 45 सेकंड के कथित वीडियो में लोको पायलट कहते सुनाई देते हैं कि सिग्नल लाल है और इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं कर रहा. वह ब्रेक पाइप यानी BP प्रेशर का भी जिक्र करते हैं. वीडियो में ट्रेन लगातार आगे बढ़ती दिखाई देती है और आखिर में अवरोध से टकराने के बाद पटरी से उतर जाती है.

कुछ वरिष्ठ लोको पायलटों ने वीडियो के आधार पर ब्रेकिंग सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई है. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और रेलवे ने भी इस पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी. फिलहाल ट्रेन में सवार यात्रियों को दूसरी ट्रेन से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है.