भारतीय नौसेना के युद्धपोत INS Betwa को और आधुनिक और ताकतवर बनाने के लिए रक्षा मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है. मंत्रालय ने इस युद्धपोत के रिफिट और री-पावरिंग के लिए कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के साथ 498.58 करोड़ रुपये का समझौता किया है. यह समझौता 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हुआ.
इस परियोजना के तहत INS Betwa के मौजूदा स्टीम आधारित प्रोपल्शन सिस्टम को हटाकर डीजल इंजन आधारित सिस्टम लगाया जाएगा. इससे युद्धपोत के संचालन और इंजन प्रणाली में बड़ा बदलाव आएगा. इसके अलावा जहाज की युद्धक क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक हथियार प्रणाली भी लगाई जाएगी. इस अपग्रेड का उद्देश्य युद्धपोत की ऑपरेशनल प्रभावशीलता को बेहतर बनाना है.
INS Betwa भारतीय नौसेना का ब्रह्मपुत्र क्लास का फ्रिगेट है. इसके आधुनिकीकरण से पुराने नौसैनिक प्लेटफॉर्म को नई तकनीक से लैस करने में मदद मिलेगी. खास बात यह है कि इस परियोजना में 50 से ज्यादा सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग यानी MSME शामिल होंगे. इससे देश के जहाज निर्माण और सहायक उद्योगों में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे.
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान को भी बढ़ावा देगी. इसके जरिए भारत की स्वदेशी जहाज मरम्मत और रखरखाव क्षमता मजबूत होगी. खासकर जटिल इंजन बदलाव और नौसैनिक प्लेटफॉर्म के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में देश की तकनीकी क्षमता को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.