अमेरिका में अच्छी नौकरी और लाखों डॉलर की बचत के बावजूद एक भारतीय इंजीनियर भारत लौटने को लेकर दुविधा में है. 35 वर्षीय इंजीनियर करीब 12 साल पहले अमेरिका गया था. अब उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर अपनी परेशानी साझा करते हुए लोगों से सलाह मांगी है.
इंजीनियर के मुताबिक, अमेरिका में उसकी नौकरी अच्छी है और उसके पास 3.6 लाख डॉलर से ज्यादा की बचत है. इसके बावजूद उसे वहां अकेलापन महसूस होता है. उसने बताया कि वह एक छोटी जगह में किराए पर रहता है, जिसके लिए हर महीने करीब 4,000 डॉलर चुकाता है. इसके मुकाबले मुंबई में उसके पास अपना बड़ा घर है.
भारत लौटने की एक और वजह उसका पारिवारिक कारोबार है. उसके पिता भारत में कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं, जिसे वह आगे संभाल सकता है. उसके मुताबिक, इस कारोबार से सालाना करीब 1 करोड़ रुपये की कमाई होती है और भारत में वह आराम से जीवन बिता सकता है.
हालांकि, उसे अमेरिका छोड़ने को लेकर एक चिंता भी है. वह भविष्य में बच्चे चाहता है, लेकिन नहीं चाहता कि उसके बच्चों को भी उन इमिग्रेशन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़े, जिनसे उसे खुद गुजरना पड़ा है. इसी वजह से वह अमेरिका में रहकर ज्यादा कमाई करने और भारत लौटकर पारिवारिक कारोबार संभालने के बीच उलझा हुआ है.
रेडिट पर पोस्ट के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आईं. कुछ यूजर्स ने उसे भारत लौटने की सलाह दी, जबकि कुछ ने अमेरिका में रहने को बेहतर विकल्प बताया.



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.