अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) में छात्रसंघ बहाली और चुनाव की मांग को लेकर चल रहा प्रदर्शन 13वें दिन भी जारी रहा. शनिवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस और प्रॉक्टोरियल टीम एमएम हॉल के अमीन हॉस्टल पहुंची और चार युवकों को पूछताछ के लिए प्रॉक्टर कार्यालय ले गई.
जांच में तीन युवकों के एएमयू के बोनाफाइड छात्र होने की पुष्टि हुई और उन्हें छोड़ दिया गया. वहीं चौथे युवक आरिज खान का नाम पुलिस रिकॉर्ड में दो मामलों से जुड़ा मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. छात्रों ने उसकी रिहाई की मांग को लेकर प्रॉक्टर कार्यालय का घेराव किया.
इसके बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय के चार प्रमुख गेटों पर ताले लगा दिए. देर रात प्रॉक्टोरियल टीम ने छात्रों के लगाए ताले तोड़कर गेट खोल दिए और अपने ताले लगा दिए. हालांकि सेंटेनरी गेट का ताला बाद तक नहीं खुल सका था.
विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल में कार्रवाई छात्रसंघ चुनाव के आंदोलन को दबाने के लिए नहीं की गई थी. प्रॉक्टर के मुताबिक, पुलिस को पहले के मामलों से जुड़े लोगों के हॉस्टल में मौजूद होने की सूचना मिली थी. दूसरी ओर, छात्र इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं.
AMU में छात्रसंघ चुनाव आखिरी बार 2018-19 सत्र में हुए थे. इसके बाद चुनाव नहीं हुए. छात्र चुनाव बहाल करने और नई तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं. इस मुद्दे को लेकर 2024 और 2025 में भी मामला अदालत तक पहुंच चुका है.



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.