अमृतसर देहाती पुलिस ने सीमा पार से संचालित एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने का दावा किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28 वर्षीय नवजोत सिंह चीमा उर्फ नवजोत को गिरफ्तार किया है. उसके पास से AK-47 राइफल, मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस, 2 हैंड ग्रेनेड, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है.

AdvertisementThe Puranic


बॉर्डर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर के मुताबिक, शुरुआती जांच में हथियारों और गोला-बारूद को ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में पहुंचाए जाने की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान के साथ-साथ मिडिल ईस्ट में बैठे हैंडलरों से भी जुड़े हो सकते हैं. मामले में आगे की जांच जारी है.


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ट्रक ड्राइवर है और पहले सीमा पार से होने वाली नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल रहा है. इस बार उसे हथियारों की खेप उठाकर आगे पहुंचाने का काम सौंपा गया था. इसके बदले उसे 50 हजार रुपये देने का वादा किया गया था.


जांच में सामने आया है कि हथियारों को पड़ोसी जिले में एक अज्ञात सहयोगी तक पहुंचाया जाना था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियारों की सप्लाई से संबंधित कड़ियों की जांच कर रही है. मामले में घरिंडा थाने में केस दर्ज किया गया है.