राजस्थान का उदयपुर अपनी झीलों, महलों और शाही विरासत के लिए दुनियाभर में जाना जाता है. इसी शहर की पिछोला झील के बीच एक ऐसा महल बना है, जो अपनी खूबसूरती के साथ-साथ यहां पहुंचने के अनोखे तरीके के लिए भी खास है. सफेद संगमरमर से बना लेक पैलेस पानी के बीच किसी तैरते हुए महल जैसा दिखाई देता है.
लेक पैलेस को जग निवास के नाम से भी जाना जाता है. इसका निर्माण 1743 से 1746 के बीच महाराणा जगत सिंह द्वितीय के समय कराया गया था. इसे शाही परिवार के गर्मियों के निवास के तौर पर तैयार किया गया था. बाद में इसे एक लग्जरी हेरिटेज होटल में बदल दिया गया और आज यह ताज लेक पैलेस के नाम से जाना जाता है.
इस महल की सबसे खास बात यह है कि यहां सड़क से सीधे नहीं पहुंचा जा सकता. मेहमानों और पर्यटकों को नाव के जरिए झील पार करनी पड़ती है. नाव से महल की ओर बढ़ते समय एक तरफ अरावली की पहाड़ियां और दूसरी ओर उदयपुर की पुरानी इमारतें दिखाई देती हैं.
महल की वास्तुकला में सफेद और काले संगमरमर के साथ आंगन, फव्वारे, बगीचे और छतरियां इसकी शाही पहचान को बनाए रखते हैं. पिछोला झील में जग मंदिर भी स्थित है, जबकि झील के किनारे सिटी पैलेस नजर आता है. यही वजह है कि नाव से पिछोला झील का सफर उदयपुर की शाही विरासत को करीब से देखने का अलग अनुभव देता है.



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.