भारतीय फुटबॉल टीम के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारत और उरुग्वे के बीच 6 अक्टूबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीरंगन यानी साल्ट लेक स्टेडियम में इंटरनेशनल फ्रेंडली मुकाबला खेला जाएगा। मैच से पहले कुछ टिकटों की कीमत में करीब 90 फीसदी की भारी कटौती की गई है। पहले 1,999 रुपये में मिलने वाले टिकट अब सिर्फ 199 रुपये में उपलब्ध हैं।
यह कीमत कटौती स्टेडियम के कुछ चुनिंदा ब्लॉक्स के लिए लागू की गई है। इनमें C2 Left और C2 Right ब्लॉक शामिल हैं। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) ने सोशल मीडिया के जरिए टिकट की नई कीमतों की जानकारी दी। इस फैसले का मकसद ज्यादा से ज्यादा दर्शकों को स्टेडियम तक लाना और भारतीय टीम के लिए शानदार माहौल तैयार करना है।
दरअसल, इससे पहले 3 अक्टूबर को इसी मैदान पर भारत और ब्राजील के बीच मुकाबला हुआ था। इस मैच में करीब 51,402 दर्शक पहुंचे थे, जबकि स्टेडियम में इससे कहीं ज्यादा दर्शकों के बैठने की क्षमता है। इसके बाद उरुग्वे के खिलाफ मैच के लिए टिकटों की कीमत कम करने का फैसला लिया गया।
इसके अलावा पिछले साल लियोनेल मेसी के कोलकाता दौरे के दौरान मैच नहीं देख पाने वाले कुछ दर्शकों को भी उरुग्वे मुकाबले के लिए मुफ्त पास दिए जा रहे हैं। भारत और उरुग्वे के बीच मुकाबला शाम 7:30 बजे शुरू होगा।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.