उत्तर प्रदेश में होमगार्ड बनने का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड यानी UPPRPB ने होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुल 41,424 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। आधिकारिक वेबसाइट पर उम्मीदवार अपना रिजल्ट और जिलेवार चयन सूची देख सकते हैं।

AdvertisementThe Puranic


इस भर्ती में लिखित परीक्षा के बाद 1,07,221 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट के लिए बुलाया गया था। इसके बाद मेरिट के आधार पर अंतिम चयन किया गया। अब चयनित उम्मीदवारों को आगे की प्रक्रिया के लिए विभाग की ओर से जरूरी निर्देश दिए जाएंगे।


अब बात करते हैं सैलरी की। यूपी होमगार्ड को नियमित सरकारी कर्मचारी की तरह फिक्स मासिक वेतन नहीं मिलता, बल्कि ड्यूटी के दिनों के आधार पर ड्यूटी भत्ता दिया जाता है। मौजूदा भर्ती विज्ञप्ति के मुताबिक, ड्यूटी पर उपस्थित होने पर 600 रुपये प्रतिदिन का ड्यूटी भत्ता निर्धारित है। इसके अलावा सरकार की ओर से समय-समय पर देय महंगाई भत्ता भी लागू है।


अगर किसी होमगार्ड को महीने में 25 से 30 दिन ड्यूटी मिलती है, तो 600 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से करीब 15,000 से 18,000 रुपये तक की मासिक आय बन सकती है। हालांकि वास्तविक आय ड्यूटी के दिनों और लागू सरकारी नियमों पर निर्भर करेगी। होमगार्ड विभाग के नियमों के तहत वर्दी और प्रशिक्षण से जुड़े भत्ते भी मिलते हैं।