दिल्ली-NCR में दिवाली के बाद प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. जहरीली हवा का स्तर इतना अधिक हो गया है कि कई जगहों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की रीडिंग भी दर्ज नहीं हो पा रही है. इस गंभीर स्थिति को लेकर मेदांता के डॉक्टर और पूर्व AIIMS निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि प्रदूषण का यह स्तर मेडिकल इमरजेंसी जैसी स्थिति पैदा कर सकता है और पहले से बीमार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है.
डॉ. गुलेरिया के मुताबिक, अत्यधिक प्रदूषण के कारण सांस और दिल से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है. अस्थमा, COPD और हृदय रोग से पीड़ित लोगों को सांस लेने में दिक्कत, सीने में जकड़न और ऑक्सीजन की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत भी पड़ सकती है.
उन्होंने अनुमान जताया कि प्रदूषण बढ़ने के बाद अस्पतालों में सांस संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती है. इसका असर केवल पहले से बीमार लोगों पर ही नहीं, बल्कि स्वस्थ व्यक्तियों पर भी पड़ रहा है. कई लोगों को खांसी, गले में जलन और सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है.
डॉ. गुलेरिया ने बच्चों, बुजुर्गों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. उन्होंने लोगों से बाहर निकलने से बचने, प्रदूषण अधिक होने पर खुले में व्यायाम नहीं करने और जरूरी होने पर N95 मास्क पहनने को कहा है. सांस संबंधी मरीजों को अपनी निर्धारित दवाएं नियमित रूप से लेने और परेशानी बढ़ने पर डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है.


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.