बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री शरवरी वाघ की आगामी फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्यार, परिवार और रिश्तों के बीच होने वाली खींचतान देखने को मिलेगी। ट्रेलर में एक ऐसे प्रेमी जोड़े की कहानी दिखाई गई है, जो एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताना चाहता है, लेकिन उनके सामने पारिवारिक परंपराओं और जिम्मेदारियों की चुनौती है।

AdvertisementThe Puranic

फिल्म की कहानी मायके और ससुराल के बीच रिश्तों के संतुलन पर आधारित है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि शादी के बाद एक लड़की की जिंदगी में किस तरह नए रिश्ते और जिम्मेदारियां जुड़ जाती हैं। प्रेम और परिवार के बीच तालमेल बैठाने की कोशिश में कई भावनात्मक और हल्के-फुल्के पल भी सामने आते हैं।

आयुष्मान खुराना फिल्म में प्रेम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि शरवरी वाघ मुख्य महिला भूमिका निभा रही हैं। दोनों कलाकार पहली बार इस फिल्म में साथ दिखाई देंगे। ट्रेलर में उनकी जोड़ी और केमिस्ट्री दर्शकों का ध्यान खींच रही है।

सूरज बड़जात्या अपनी फिल्मों में पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं को खास जगह देते हैं। ऐसे में इस फिल्म से भी दर्शकों को मनोरंजन के साथ परिवार और प्यार से जुड़ी कहानी की उम्मीद है। अब देखना होगा कि बड़े पर्दे पर आयुष्मान और शरवरी की यह नई जोड़ी दर्शकों को कितना पसंद आती है।