उत्तर प्रदेश के आगरा में UGC बिल के विरोध में प्रदर्शन के दौरान सदर ACP अमीषा सिंह और परशुराम दल के एक कार्यकर्ता के बीच तीखी बहस हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विवाद उस समय शुरू हुआ, जब प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता ने ACP को 'बहन जी' कहकर संबोधित किया। इस पर अमीषा सिंह ने आपत्ति जताते हुए कहा, 'मैं बहन जी नहीं हूं।'
जानकारी के मुताबिक, परशुराम दल के कार्यकर्ता UGC बिल के विरोध में रैली निकालने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस ने इसके पीछे इलाके में लागू धारा 163 और प्रदर्शन की अनुमति नहीं होने का हवाला दिया।
पुलिस की कार्रवाई से नाराज कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाया कि जब इलाके में धारा 163 लागू है, तो हाल ही में आयोजित दलित महासम्मेलन को अनुमति कैसे दी गई थी। इसी बात को लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद ACP अमीषा सिंह कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान एक कार्यकर्ता ने उन्हें 'बहन जी' कहा। इस पर ACP ने स्पष्ट किया कि वह इस संबोधन को स्वीकार नहीं करती हैं। जवाब में कार्यकर्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को बहन कहकर सम्मान दिया जाता है।
इस बातचीत के बाद दोनों के बीच नोकझोंक बढ़ गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। लोग इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।


0 comments
No comments yet. Yours would be the first.