बॉलीवुड के मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर भगवान राम पर दिए अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उनके बयान पर ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मौलाना ने जावेद अख्तर को अपना नाम बदलकर 'रामपाल' रखने तक की सलाह दे दी।

AdvertisementThe Puranic

दरअसल, जावेद अख्तर ने हाल ही में फिल्म 'रामायण' को लेकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने भगवान राम को केवल धार्मिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचार, नैतिकता और जीवन जीने का तरीका बताया। उनके मुताबिक, भगवान राम का महत्व भारतीय संस्कृति और मूल्यों से भी जुड़ा हुआ है।

जावेद अख्तर ने यह भी बताया कि उन्होंने अभी फिल्म 'रामायण' नहीं देखी है, लेकिन उनकी बेटी जोया अख्तर फिल्म देखकर उसकी तारीफ कर चुकी हैं। उन्होंने खुद भी फिल्म देखने की इच्छा जताई।

जावेद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मौलाना साजिद रशीदी ने उनकी आलोचना की। उन्होंने जावेद अख्तर के नास्तिक होने से जुड़े पुराने बयानों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वह फिल्म इंडस्ट्री में अपने व्यावसायिक हितों के कारण भगवान राम की तारीफ कर रहे हैं। मौलाना ने उन्हें घर वापसी करने और अपना नाम 'रामपाल' रखने की सलाह भी दी।

मौलाना के इस बयान के बाद जावेद अख्तर की टिप्पणी को लेकर विवाद और चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल इस प्रतिक्रिया पर जावेद अख्तर की ओर से कोई जवाब सामने नहीं आया है।