संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) अपनी परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कई बड़े बदलाव कर रहा है। परीक्षाओं में नकल, फर्जी उम्मीदवारों और दूसरी तरह की गड़बड़ियों को रोकने के लिए आयोग अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल बढ़ा रहा है। इसके तहत परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों की पहचान AI आधारित फेस ऑथेंटिकेशन से की जा रही है। इस तकनीक के जरिए परीक्षा देने पहुंचे उम्मीदवार के चेहरे का मिलान आवेदन के दौरान जमा की गई तस्वीर से किया जाता है, जिससे किसी दूसरे व्यक्ति के परीक्षा देने की आशंका कम होगी।

AdvertisementThe Puranic

UPSC ने सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में इस व्यवस्था का इस्तेमाल किया था। इस दौरान देशभर के 2,072 परीक्षा केंद्रों पर करीब 5.5 लाख उम्मीदवारों की पहचान फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए की गई। आयोग के मुताबिक, एक उम्मीदवार की पहचान जांचने में लगभग 6 से 8 सेकंड का समय लगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा केंद्रों पर सत्यापन की प्रक्रिया को तेज और भरोसेमंद बनाना है।

आयोग ने उम्मीदवारों के लिए यूनिवर्सल रजिस्ट्रेशन नंबर (URN) की व्यवस्था भी शुरू की है। इससे उम्मीदवारों का डिजिटल रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, आवेदन में दी गई जानकारी का पुराने रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा, ताकि डुप्लीकेट आवेदन और गलत जानकारी की पहचान की जा सके।

इंटरव्यू प्रक्रिया में भी बदलाव किया जा रहा है। अब कंप्यूटर आधारित सिस्टम के जरिए इंटरव्यू पैनल का रैंडम चयन किया जाएगा। इससे पैनल आवंटन में पारदर्शिता बढ़ाने और मानवीय हस्तक्षेप की संभावना कम करने में मदद मिलेगी। विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) से जुड़ी प्रक्रियाओं को भी डिजिटल बनाया जा रहा है। इन बदलावों के जरिए UPSC भर्ती प्रक्रिया को तकनीक आधारित, सुरक्षित और अधिक पारदर्शी बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।