उत्तर प्रदेश की राजनीति में दल-बदल का एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। समाजवादी पार्टी से बगावत कर चुके तीन विधायक 14 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। इनमें गौरीगंज से राकेश प्रताप सिंह, गोसाईगंज से अभय सिंह और कालपी से विनोद चतुर्वेदी का नाम शामिल है।
तीनों विधायकों के बीजेपी में शामिल होने का कार्यक्रम अमेठी के गौरीगंज में आयोजित किया जाएगा। राकेश प्रताप सिंह ने खुद 14 अक्टूबर को बीजेपी की सदस्यता लेने की घोषणा की है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे उनके निजी आवास पर होने की जानकारी दी गई है। इसमें बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी की वरिष्ठ नेता स्मृति ईरानी समेत कई नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
राकेश प्रताप सिंह को सपा ने जून 2025 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित किया था। वहीं तीनों विधायक फरवरी 2024 के राज्यसभा चुनाव के दौरान सपा से अलग रुख और क्रॉस वोटिंग को लेकर चर्चा में रहे थे। हाल में तीनों की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात भी हुई थी।
राकेश प्रताप सिंह ने सपा छोड़ने की वजह बताते हुए पार्टी पर परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। अब तीनों विधायकों के बीजेपी में औपचारिक रूप से शामिल होने से यूपी की राजनीति में नए समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।



0 comments
No comments yet. Yours would be the first.