माथे की कनपटी पर चिपकने वाला TEMPLE डिवाइस इन दिनों चर्चा में है. Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल की कंपनी ने इसे तैयार किया है. भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी इस डिवाइस का इस्तेमाल करते नजर आए हैं. खास बात यह है कि यह सामान्य स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड की तरह कलाई पर नहीं, बल्कि माथे के पास लगाया जाता है.

AdvertisementThe Puranic

TEMPLE एक हेल्थ और फिटनेस ट्रैकिंग डिवाइस है, जिसे खास तौर पर दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो से जुड़े संकेतों को मॉनिटर करने के लिए डिजाइन किया गया है. इसमें ऑप्टिकल सेंसर का इस्तेमाल होता है, जो शरीर से मिलने वाले संकेतों को रिकॉर्ड करता है. कंपनी का दावा है कि इससे ब्रेन में ब्लड फ्लो के बदलाव, मानसिक मेहनत और शरीर की रिकवरी को समझने में मदद मिल सकती है.

इस डिवाइस में Entropy नाम का एक स्कोर भी मिलता है, जिसके जरिए शरीर की फिजियोलॉजिकल गतिविधियों और मेहनत से जुड़े संकेतों को समझने की कोशिश की जाती है. इसका डेटा मोबाइल ऐप पर देखा जा सकता है. TEMPLE की कीमत करीब 84,999 रुपये बताई गई है.

हालांकि, डिवाइस को लेकर मेडिकल विशेषज्ञों ने सवाल भी उठाए हैं. उनका कहना है कि केवल एक जगह से मिलने वाले संकेतों के आधार पर पूरे दिमाग की सेहत या ब्लड फ्लो का आकलन करना आसान नहीं है. इसके वैज्ञानिक आधार और मेडिकल उपयोगिता को लेकर पर्याप्त प्रमाण की जरूरत है.

दीपिंदर गोयल ने इन आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा है कि TEMPLE कोई मेडिकल डिवाइस नहीं, बल्कि फिटनेस और AI आधारित गैजेट है. उन्होंने इसे स्कैम कहे जाने से भी इनकार किया है. कंपनी का कहना है कि यह किसी बीमारी का निदान या इलाज करने का दावा नहीं करती.