तमिलनाडु में सरकारी बैंक खातों से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. राज्य के ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े तीन जिलों के सरकारी खातों से कुल 22.10 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी की गई है. इस घटना के सामने आने के बाद सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए चेन्नई सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू कर दी है.

AdvertisementThe Puranic

जानकारी के मुताबिक, रामनाथपुरम जिले के मंडपम पंचायत यूनियन के बैंक खाते से करीब 14 करोड़ रुपये निकाले जाने का आरोप है. वहीं तिरुप्पुर जिले के धारापुरम पंचायत यूनियन के खाते से 5 करोड़ रुपये और नागपट्टिनम के खाते से 3.10 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी हुई है. ये रकम ग्रामीण विकास योजनाओं और पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के लिए निर्धारित थी.

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि साइबर अपराधियों ने सरकारी ऑनलाइन भुगतान प्रणाली को निशाना बनाया. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने सिस्टम की सुरक्षा में सेंध लगाकर अधिकारियों के लॉगिन विवरण हासिल किए और फिर अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कर दी. हालांकि, इस पूरे तरीके की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पुलिस अब उन बैंक खातों की पहचान कर रही है, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई. साथ ही ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड, डिजिटल गतिविधियों और संभावित आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है. जांच एजेंसियां रकम को वापस हासिल करने की कोशिश में भी जुटी हैं.

इस घटना ने सरकारी डिजिटल भुगतान व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की हर कड़ी की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है.