श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी और देश की पूर्व प्रथम महिला शिरांथी राजपक्षे को बुधवार को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया। श्रीलंका की भ्रष्टाचार निरोधक संस्था CIABOC ने कोलंबो स्थित उनके आवास से उन्हें हिरासत में लिया। उन पर अपने एनजीओ ‘सिरिलिया सविया’ से जुड़े फंड के कथित दुरुपयोग का आरोप है।

AdvertisementThe Puranic


जांच एजेंसी के मुताबिक, मामला करीब 1 करोड़ श्रीलंकाई रुपये यानी 10 मिलियन रुपये की रकम से जुड़ा है। यह पैसा एक सरकारी बैंक से ‘सिरिलिया सविया’ के जरिए प्राप्त किया गया था। आरोप है कि यह रकम बच्चों के अस्पताल के लिए CT स्कैनर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ली गई थी, लेकिन अस्पताल को स्कैनर उपलब्ध नहीं कराया गया और धन के कथित दुरुपयोग की जांच शुरू हुई।


73 वर्षीय शिरांथी राजपक्षे हाल ही में इलाज के लिए सिंगापुर गई थीं और सोमवार को श्रीलंका लौटी थीं। उनके वकील ने गिरफ्तारी रोकने के लिए अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल की थी। हालांकि, बुधवार सुबह CIABOC अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें पूछताछ के लिए भ्रष्टाचार निरोधक आयोग ले जाया गया और अदालत में पेश किया गया।


शिरांथी राजपक्षे ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि धन का गबन नहीं किया गया। इस मामले के बीच राजपक्षे परिवार के अन्य सदस्यों से जुड़ी भ्रष्टाचार जांच भी जारी है।